1 अक्टूबर को मनाया जाएगा “अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस”, स्कूलों में होंगे विशेष कार्यक्रम

1 अक्टूबर को मनाया जाएगा "अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस", स्कूलों में होंगे विशेष कार्यक्रम
HIGHLIGHTS
  1. आयोजन तिथि: 01 अक्टूबर 2026
  2. कार्यक्रम का नाम: अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस

उत्तर प्रदेश में 1 अक्टूबर 2026 को “अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस” के अवसर पर विभिन्न विभागों के समन्वय से भव्य और व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय द्वारा प्रदेश के समस्त जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों और युवा पीढ़ी के बीच संवाद, आपसी सम्मान और सहभागिता को बढ़ावा देना है।

विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभा और गतिविधियाँ

  • प्रदेश के सभी परिषदीय एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में 01 अक्टूबर को विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा।
  • इस दौरान विद्यार्थियों को वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, उनके अमूल्य योगदान और अनुभवों के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी।
  • विद्यालयों में बच्चों द्वारा ‘वरिष्ठ नागरिक सम्मान प्रतिज्ञा’ ली जाएगी।
  • इसके साथ ही ‘दादा-दादी/नाना-नानी के नाम पत्र’ (Letters to My Grandparents) प्रतियोगिता और अंतर-पीढ़ीगत क्विज व सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

स्वास्थ्य जांच शिविर और जन-कल्याणकारी पहल

  • स्वास्थ्य विभाग: जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य, दृष्टि (आई) एवं फिजियोथेरेपी जांच शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
  • पंचायती राज एवं निकाय विभाग: ग्राम पंचायतों और वार्डों में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत अंतर-पीढ़ीगत वृक्षारोपण किया जाएगा।
  • इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों (14567/14568) का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

विभिन्न विभागों के सहयोग से राष्ट्रव्यापी अभियान

भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, इस दिवस को केवल एक औपचारिक आयोजन के रूप में न मनाकर अलग-अलग पीढ़ियों को आपस में जोड़ने वाले एक बड़े अभियान के रूप में रूपरेखा दी गई है। स्कूल स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक माता-पिता, बच्चों और दादा-दादी/नाना-नानी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।।

  • सांस्कृतिक और खेल गतिविधियाँ: वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं की सहभागिता से अंतर-पीढ़ीगत वॉकथॉन, सामूहिक प्रतिज्ञा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक/स्किट आयोजित किए जाएंगे।
  • योग और वेलनेस सत्र: वरिष्ठ नागरिकों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उनकी आयु और क्षमता के अनुसार योग, प्राणायाम, ध्यान और वेलनेस सत्र आयोजित किए जाएंगे।
  • ज्ञान और कौशल का आदान-प्रदान: वरिष्ठ नागरिकों को अपनी पेशेवर विशेषज्ञता, पारंपरिक ज्ञान, शिल्प, स्थानीय इतिहास और जीवन के अनुभवों को युवा पीढ़ी के साथ साझा करने का अनूठा मंच प्रदान किया जाएगा।
  • डिजिटल और वित्तीय साक्षरता: ‘डिजिटल साथी कॉर्नर’ के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को यूपीआई (UPI), डिजिलॉकर (DigiLocker), उमंग (UMANG) और जीवन ऐप जैसी डिजिटल सेवाओं के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा जाएगा।

वरिष्ठ नागरिक सम्मान प्रतिज्ञा

इस अभियान के तहत यह संकल्प लिया जा रहा है कि समाज और परिवार के सभी लोग वरिष्ठ नागरिकों के प्रति आदर, स्नेह और उनकी देखभाल का पूरा भाव रखेंगे। साथ ही उनके अधिकारों, गरिमा की रक्षा करने तथा उनके साथ दुर्व्यवहार के खिलाफ खड़े होकर एक समावेशी समाज का निर्माण करने की प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी।

यह आयोजन समाज की नई पीढ़ी को बुजुर्गों के करीब लाने और उनके जीवन के अनुभवों से सीखने का एक बेहद महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।

इसे भी देखें:

↗ शेयर करें
WHATSAPP