NIPUN Assessment 2026-27: दिसंबर और जनवरी में होगा निपुण विद्यालय आकलन, जानें पूरा कार्यक्रम

उत्तर प्रदेश में D.El.Ed प्रशिक्षुओं द्वारा दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 में निपुण विद्यालय आकलन कराने का शासनादेश
HIGHLIGHTS
  1. आंकलन का प्रथम चरण : 21 से 30 दिसंबर 2026
  2. आंकलन का द्वितीय चरण : 20 से 30 जनवरी 3027
  3. सैंपल आंकलन : फरवरी 2027 (प्रथम सप्ताह)

NIPUN Assessment 2026-27: उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्रगति परखने के लिए शासन ने निपुण विद्यालय आकलन 2026-27 का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत प्रदेश के प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों का दो चरणों में आकलन कराया जाएगा। खास बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) के D.El.Ed प्रशिक्षुओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। विद्यार्थी भाषा और गणित की निर्धारित दक्षताओं में कितना सीख पाए हैं, इसका मूल्यांकन निपुण ऐप के माध्यम से किया जाएगा।

अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन पार्थ सारथी सेन शर्मा ने 12 नवंबर 2026 को शासनादेश जारी कर सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों एवं DIET प्राचार्यों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। शासन ने आकलन की निष्पक्षता, पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय आवंटन से लेकर विद्यार्थियों के चयन, प्रशिक्षण, तकनीकी व्यवस्था और निगरानी तक की पूरी प्रक्रिया निर्धारित कर दी है।

निपुण विद्यालय आकलन 2026-27

शासनादेश के अनुसार कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों का आकलन दो चरणों में कराया जाएगा। दोनों चरणों की निर्धारित समय-सारिणी इस प्रकार है—

आकलन चरणनिर्धारित तिथि
प्रथम चरण21 से 30 दिसंबर 2026
द्वितीय चरण20 से 30 जनवरी 2027
सैंपल आकलन (कक्षा 1 से 5)फरवरी 2027 का प्रथम सप्ताह

आकलन के दोनों चरणों में कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों की भाषा और गणित संबंधी निर्धारित दक्षताओं का मूल्यांकन किया जाएगा।

D.El.Ed प्रशिक्षु करेंगे विद्यालयों में आकलन

इस बार निपुण विद्यालय आकलन की जिम्मेदारी D.El.Ed प्रशिक्षुओं को सौंपी गई है। शासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों का आकलन प्रशिक्षुओं के माध्यम से कराया जाएगा।

इसके लिए निम्न व्यवस्था निर्धारित की गई है—

  • प्रत्येक D.El.Ed प्रशिक्षु को एक विद्यालय आवंटित किया जाएगा।
  • एक विद्यालय में कक्षा 1 के 12 और कक्षा 2 के 12 विद्यार्थियों का आकलन किया जाएगा।
  • इस प्रकार सामान्य स्थिति में प्रत्येक प्रशिक्षु 24 विद्यार्थियों का मूल्यांकन करेगा।
  • विद्यार्थियों का चयन निपुण ऐप पर रैंडम (यादृच्छिक) तरीके से किया जाएगा।
  • यदि किसी कक्षा में 24 से कम विद्यार्थी नामांकित हैं तो उस कक्षा के सभी विद्यार्थियों का आकलन किया जाएगा।
  • प्रशिक्षु अपने स्मार्टफोन अथवा टैबलेट के माध्यम से निपुण ऐप पर आकलन पूरा करेंगे।

इसे भी देखें: SMC पुनर्गठन 2026: 15 सदस्यीय विद्यालय प्रबंध समिति का गठन, नियम और समस्त प्रारूप की PDF देखें

इसे भी देखें: SMC Meeting November 2026: विद्यालय प्रबंध समिति मासिक बैठक एजेंडा और कार्यवृत्त देखें

आकलन के दौरान शिक्षकों की भूमिका और प्रतिबंध

आकलन की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए शासन ने कुछ महत्वपूर्ण प्रतिबंध भी निर्धारित किए हैं।

  1. आकलन से पहले और बाद में D.El.Ed प्रशिक्षु संबंधित विद्यार्थियों से संपर्क नहीं करेंगे।
  2. प्रशिक्षु अपने परिचय पत्र के साथ आवंटित विद्यालय में जाएंगे।
  3. आकलन के समय कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों तथा प्रशिक्षु के निकट कोई शिक्षक नहीं रहेगा।
  4. किसी भी शिक्षक द्वारा विद्यार्थियों को उत्तर बताने अथवा आकलन में सहायता करने का प्रयास नहीं किया जाएगा।
  5. आकलन के बाद विद्यार्थियों के शैक्षिक प्रदर्शन को जानने का प्रयास नहीं किया जाएगा और न ही उन पर किसी प्रकार का दबाव बनाया जाएगा।
  6. प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों की जिम्मेदारी होगी कि निर्धारित तिथि पर विद्यालय में शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।

कक्षा 1 और 2 के बच्चों से क्या-क्या पूछा जाएगा?

शासनादेश के साथ संलग्न दक्षता सूची में कक्षा 1 और कक्षा 2 के लिए भाषा एवं गणित की अलग-अलग दक्षताएं निर्धारित की गई हैं।

कक्षा 1 का आकलन

क्षेत्रनिर्धारित दक्षता
मौखिक भाषापरिचित अथवा सुनी हुई कविता/गीत की 4 पंक्तियां हाव-भाव के साथ सुनाना
पढ़ना4-5 सरल शब्दों से बने 4 वाक्य पढ़ना
लेखन5 सरल शब्दों से बने 2 वाक्य सुनकर लिखना
संख्या पहचान20 तक अंकों की गिनती एवं पहचान
जोड़-घटाववस्तुओं या चित्रों के माध्यम से 9 तक की संख्या का जोड़ एवं घटाव
मुद्रा ज्ञान₹20 तक के नोट एवं सिक्कों की पहचान
पैटर्नचित्र एवं संख्याओं के सरल पैटर्न की पहचान और आगे बढ़ाना

कक्षा 2 का आकलन

क्षेत्रनिर्धारित दक्षता
मौखिक भाषापरिचित अथवा सुनी हुई कविता/गीत की 6 पंक्तियां हाव-भाव के साथ सुनाना
पढ़ना6-8 सरल शब्दों से बने वाक्यों वाले अनुच्छेद को पढ़ना तथा प्रश्नों के उत्तर देना
लेखन5 सरल शब्दों से बने 4 वाक्य सुनकर लिखना
संख्या बोध99 तक की संख्याओं की गिनती, पहचान एवं तुलना
जोड़-घटाव99 तक की संख्याओं का जोड़ एवं घटाव
गुणा-भागसरल जोड़ के माध्यम से गुणा तथा समान वितरण/बंटवारे के रूप में भाग
मुद्रा ज्ञान₹100 तक की भारतीय मुद्रा की पहचान एवं उपयोग
पैटर्नचित्र एवं संख्याओं के पैटर्न की पहचान एवं निर्माण

कितने अंक पाने पर विद्यार्थी कहलाएगा निपुण?

शासनादेश में निपुण विद्यार्थी घोषित करने के लिए स्पष्ट मानक निर्धारित किया गया है।

  • भाषा विषय में निर्धारित दक्षताओं से संबंधित प्रश्नों में कम से कम 75 प्रतिशत सही उत्तर देना होगा।
  • गणित विषय में भी निर्धारित दक्षताओं से संबंधित प्रश्नों में कम से कम 75 प्रतिशत सही उत्तर देना होगा।
  • दोनों विषयों में अलग-अलग 75-75 प्रतिशत सही उत्तर देने पर विद्यार्थी को निपुण विद्यार्थी घोषित किया जाएगा।

निपुण विद्यालय का मानक: किसी विद्यालय की कक्षा 1 एवं कक्षा 2 में अलग-अलग 80 प्रतिशत अथवा उससे अधिक विद्यार्थी निपुण पाए जाते हैं तो उस विद्यालय को निपुण विद्यालय घोषित किया जाएगा।

निपुण विकासखंड का मानक: किसी विकासखंड के 80 प्रतिशत विद्यालयों द्वारा निपुण विद्यालय का लक्ष्य प्राप्त करने पर संबंधित विकासखंड को निपुण विकासखंड घोषित किया जाएगा।

निपुण ऐप में जियो-फेंसिंग और फोटो की सुविधा

आकलन को पारदर्शी बनाने के लिए निपुण ऐप में कई तकनीकी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इनमें जियो-फेंसिंग, विद्यार्थी का नाम पुकारने, प्रशिक्षु द्वारा विद्यार्थी के साथ फोटो लेने तथा आकलन की समय-सीमा निर्धारित करने जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

शासन के निर्देशानुसार—

  • आकलन विद्यालय अवधि में ही किया जाएगा।
  • निर्धारित अवधि के पहले और बाद में ऐप आकलन के लिए निष्क्रिय रहेगा।
  • रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिन ऐप पर आकलन नहीं होगा।
  • एक कार्यदिवस में दो से अधिक विद्यालयों का आकलन नहीं किया जा सकेगा।
  • लिखित कार्यों का मूल्यांकन इमेज पहचान एवं OCR सत्यापन तकनीक के आधार पर होगा।

लिखित आकलन के लिए प्रत्येक विद्यार्थी को स्वच्छ शीट दी जाएगी। विद्यार्थियों को साफ एवं स्पष्ट लिखने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। चित्र लेते समय पर्याप्त प्रकाश और स्पष्ट हस्तलेखन का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

D.El.Ed प्रशिक्षुओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण

आकलन शुरू होने से पहले प्रशिक्षुओं को पूरी प्रक्रिया समझाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया है।

  • नवंबर 2026 के द्वितीय एवं तृतीय सप्ताह में एसआरजी और DIET मेंटर को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
  • प्रशिक्षण के बाद DIET प्राचार्य के निर्देश पर D.El.Ed प्रशिक्षुओं को 30 नवंबर 2026 से पहले प्रशिक्षण एवं हैंड्स-ऑन अभ्यास कराया जाएगा।
  • राज्य परियोजना कार्यालय, एससीईआरटी और अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
  • आकलन से संबंधित यूजर मैनुअल और प्रशिक्षण वीडियो उपलब्ध कराए जाएंगे।

कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों का भी होगा सैंपल आकलन

कक्षा 1 और 2 के नियमित आकलन के अतिरिक्त कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों का सैंपल आकलन भी कराया जाएगा।

इसके तहत प्रत्येक ARP अपने विकासखंड के स्वयं चयनित एक विद्यालय के कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों का फरवरी 2027 के प्रथम सप्ताह में निपुण ऐप के माध्यम से आकलन करेगा।

इसमें बहुविकल्पीय (Multiple Choice) और वर्णनात्मक (Descriptive) दोनों प्रकार के प्रश्न शामिल होंगे। विद्यार्थियों के उत्तरों का मूल्यांकन निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा और संबंधित विवरण निपुण ऐप पर दर्ज किए जाएंगे।

आकलन की निगरानी के लिए बनेगा कंट्रोल रूम

निपुण विद्यालय आकलन को सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए राज्य परियोजना कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान और जिला परियोजना कार्यालय में भी कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। आकलन संबंधी शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए विद्या समीक्षा केंद्र से संपर्क किया जा सकेगा।

हेल्पलाइन नंबर: 0522-3538777

आकलन की पारदर्शिता एवं गुणवत्ता प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास को गंभीरता से लिया जाएगा। यदि किसी विद्यालय में पारदर्शी तरीके से आकलन नहीं कराया जाता है तो उस विद्यालय का दोबारा आकलन कराया जा सकता है। आकलन के बाद राज्य परियोजना कार्यालय स्तर पर डेटा विश्लेषण और 5 प्रतिशत रैंडम सैंपल का सत्यापन भी कराया जाएगा।

रिपोर्ट कार्ड और निपुण सम्मान समारोह

आकलन पूरा होने के बाद प्रतिभागी विद्यार्थियों के परिणाम निपुण ऐप पर दर्ज किए जाएंगे। विद्यार्थियों के रिपोर्ट कार्ड एनबीएमसी पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे तथा प्रिंट कर अभिभावकों को उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसके साथ ही निपुण विद्यालय घोषित होने वाले विद्यालयों में निपुण विद्यालय का लोगो लगाया जाएगा। निपुण विद्यालय आकलन के परिणाम घोषित होने के बाद निपुण सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें निपुण विद्यालयों के शिक्षकों को सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

D.El.Ed प्रशिक्षुओं को कितना मिलेगा मानदेय?

शासनादेश में आकलन कार्य के लिए D.El.Ed प्रशिक्षुओं को प्रोत्साहन राशि देने की व्यवस्था भी की गई है।

आकलन का कार्यप्रोत्साहन राशि
अपने जनपद में प्रतिदिन 2 विद्यालयों का आकलन₹600 प्रति कार्यदिवस
अन्य निकटवर्ती जनपद में प्रतिदिन 2 विद्यालयों का आकलन₹1,000 प्रति कार्यदिवस
रिपोर्ट कार्ड की विद्यालय स्तर पर छपाई₹2 प्रति विद्यार्थी
निपुण सम्मान समारोहप्रति जनपद ₹1 लाख तक बजट सीमा

शासनादेश के अनुसार निर्धारित प्रोत्साहन राशि के अतिरिक्त अन्य भत्ते का भुगतान नहीं किया जाएगा।

शिक्षकों और विद्यालयों के लिए क्या है महत्वपूर्ण?

इस पूरे कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहेगी। उन्हें निर्धारित तिथियों पर विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी। वहीं आकलन प्रक्रिया में किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं करना होगा।

शासन का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों का मूल्यांकन करना नहीं, बल्कि यह जानना भी है कि कक्षा 1 और 2 के बच्चे भाषा एवं गणित की बुनियादी दक्षताओं में निर्धारित निपुण लक्ष्य तक पहुंच पाए हैं या नहीं।

निष्कर्ष: उत्तर प्रदेश में निपुण भारत मिशन के तहत निपुण विद्यालय आकलन 2026-27 को लेकर शासन ने विस्तृत कार्ययोजना जारी कर दी है। दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 में दो चरणों में D.El.Ed प्रशिक्षुओं के माध्यम से कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों का मूल्यांकन होगा। इसके बाद फरवरी 2027 में ARP द्वारा कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों का सैंपल आकलन कराया जाएगा। पूरी प्रक्रिया निपुण ऐप के माध्यम से संपन्न होगी।

📥 आदेश और निर्देश की PDF डाउनलोड करें
📌 प्रिंट करने हेतु यहाँ से आधिकारिक PDF सुरक्षित करें।

इसे भी देखें: शिक्षक संकुल बैठक नवंबर 2026: जानें पूरा एजेंडा और सभी गतिविधियां

इसे भी देखें : Eco Clubs for Mission LiFE: नवंबर 2026 की मुख्य गतिविधियां एवं कार्ययोजना देखें

WHATSAPP