निपुण आकलन 2026-27: जानें कक्षा 1 और 2 की निर्धारित दक्षताएं

निपुण भारत मिशन के अंतर्गत दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 में कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों के आकलन की निर्धारित दक्षताएं

निपुण आकलन 2026-27: निपुण भारत मिशन के अंतर्गत विद्यार्थियों की बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं का आकलन करने के लिए दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 में विशेष मूल्यांकन कराया जाएगा। इस आकलन को डीएलएड प्रशिक्षुओं के माध्यम से आयोजित कराने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए कक्षा 1 और कक्षा 2 के विद्यार्थियों हेतु अलग-अलग दक्षताएं निर्धारित की गई हैं।

जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, विद्यार्थियों का आकलन मौखिक भाषा विकास, पढ़ने, लेखन कार्य और संख्यात्मक दक्षताओं के आधार पर किया जाएगा। इसमें यह देखा जाएगा कि विद्यार्थी अपनी कक्षा के अनुरूप निर्धारित बुनियादी कौशल हासिल कर पाए हैं या नहीं।

कक्षा 1 के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित दक्षताएं

कक्षा 1 के विद्यार्थियों का आकलन भाषा और गणित के विभिन्न आधारभूत कौशलों पर किया जाएगा।

1. भाषा संबंधी दक्षताएं

क्षेत्रनिर्धारित दक्षता
मौखिक भाषा विकासकिसी भी परिचित परिवेश अथवा सुनी हुई कविता/गीत की चार पंक्तियां हाव-भाव के साथ सुनाना।
पढ़ना4 से 5 सरल शब्दों से बने हुए 4 वाक्यों को पढ़ने में सक्षम होना।
लेखन कार्य5 सरल शब्दों से बने हुए 2 वाक्यों को सुनकर लिखना।

2. गणितीय दक्षताएं

क्रमक्षेत्रनिर्धारित दक्षता
1गिनती एवं संख्या पहचान20 तक अंकों की गिनती एवं पहचान करना।
2जोड़ एवं घटाववस्तुओं या चित्रों के माध्यम से 9 तक की संख्याओं का जोड़ एवं घटाव करना। इसमें योग 20 से अधिक नहीं होना चाहिए।
3नोट एवं सिक्कों की पहचान₹20 तक की भारतीय मुद्रा के नोट एवं सिक्कों की पहचान करना।
4पैटर्नचित्र एवं संख्याओं के सरल पैटर्न की पहचान करना और उन्हें आगे बढ़ाना।

कक्षा 2 के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित दक्षताएं

कक्षा 2 के विद्यार्थियों के लिए भाषा एवं गणित का स्तर कक्षा 1 की अपेक्षा थोड़ा अधिक रखा गया है। इसमें पढ़ने की समझ, लेखन और गणितीय संक्रियाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

1. भाषा संबंधी दक्षताएं

क्षेत्रनिर्धारित दक्षता
मौखिक भाषा विकासकिसी भी परिचित परिवेश अथवा सुनी हुई कविता/गीत की 6 पंक्तियां हाव-भाव के साथ सुनाना।
पढ़ना6 से 8 सरल शब्दों से बने आयु-उपयुक्त अज्ञात अनुच्छेद को उचित प्रवाह एवं स्पष्टता से पढ़ना। इसके बाद 3 तथ्यात्मक और 1 उच्च स्तरीय प्रश्न का उत्तर देना।
लेखन कार्य5 सरल शब्दों से बने हुए 4 वाक्यों को सुनकर लिखना।

2. गणितीय दक्षताएं

क्रमक्षेत्रनिर्धारित दक्षता
1गिनती एवं संख्या बोध99 तक की संख्याओं की गिनती, पहचान एवं तुलना करना।
2जोड़ एवं घटाव99 तक की संख्याओं का हासिल और बिना हासिल वाले सवालों में जोड़ एवं घटाव करना।
3गुणा एवं भागसरल जोड़ के माध्यम से गुणा तथा समान वितरण/बंटवारे के रूप में भाग के प्रश्न हल करना।
4नोट एवं सिक्कों का उपयोग₹100 तक की भारतीय मुद्रा के नोट एवं सिक्कों का प्रयोग करके सरल लेन-देन से संबंधित प्रश्न हल करना।
5पैटर्नचित्रों एवं संख्याओं के पैटर्न की पहचान करना तथा उनका निर्माण करना।

निपुण विद्यार्थी घोषित होने के लिए कितने अंक जरूरी?

दस्तावेज में निपुण विद्यार्थी घोषित करने के लिए भाषा एवं गणित दोनों विषयों में अलग-अलग 75 प्रतिशत सही उत्तर देने का मानक निर्धारित किया गया है।

इसके अनुसार:

  • भाषा: निर्धारित दक्षताओं पर आधारित प्रश्नों में कम से कम 75 प्रतिशत सही उत्तर देना आवश्यक है।
  • गणित: निर्धारित दक्षताओं पर आधारित प्रश्नों में कम से कम 75 प्रतिशत सही उत्तर देना आवश्यक है।

अर्थात भाषा और गणित दोनों विषयों में निर्धारित प्रश्नों के कम से कम 75-75 प्रतिशत सही उत्तर देने पर ही विद्यार्थी को निपुण विद्यार्थी घोषित किया जाएगा।

शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी

इस आकलन के माध्यम से विद्यार्थियों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाएगा। इसलिए शिक्षकों को चाहिए कि वे कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों को निर्धारित दक्षताओं के अनुसार नियमित अभ्यास कराएं।

विशेष रूप से मौखिक अभिव्यक्ति, कविता सुनाना, सरल वाक्य पढ़ना, श्रुतलेख, संख्या पहचान, जोड़-घटाव, मुद्रा की पहचान और पैटर्न निर्माण जैसी गतिविधियों पर ध्यान देना आवश्यक होगा।

इसे भी देखें: NIPUN Assessment 2026-27: दिसंबर और जनवरी में होगा निपुण विद्यालय आकलन, जानें पूरा कार्यक्रम

इसे भी देखें: SMC खातों में जल्द आएगी विभिन्न मदों की धनराशि, जानें किस मद में कितने रुपये मिलेंगे

WHATSAPP