यूपी पुलिस भर्ती 2025: शारीरिक दक्षता परीक्षा की तारीखों में बदलाव, 9 केंद्रों की परीक्षा अब 8 अक्टूबर को

यूपी पुलिस भर्ती 2025 PET परीक्षा की तारीख बदली

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत आयोजित होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। बोर्ड ने बारिश के कारण कुछ परीक्षा केंद्रों पर 1 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित शारीरिक दक्षता परीक्षा को स्थगित कर 8 अक्टूबर 2026 को कराने का निर्णय लिया है।

बोर्ड की सूचना के अनुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन 1 अक्टूबर 2026 से प्रदेश के 15 स्थानों पर किया जाना प्रस्तावित था। इनमें से 9 परीक्षा केंद्रों पर 1 अक्टूबर की परीक्षा अब 8 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी।

इन 9 केंद्रों की परीक्षा 8 अक्टूबर को होगी

  1. 12वीं वाहिनी पीएसी, फतेहपुर
  2. 8वीं वाहिनी पीएसी, बरेली
  3. 9वीं वाहिनी पीएसी, मुरादाबाद
  4. 26वीं वाहिनी पीएसी, गोरखपुर
  5. 37वीं वाहिनी पीएसी, कानपुर
  6. 6वीं वाहिनी पीएसी, मेरठ
  7. 47वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद
  8. 20वीं वाहिनी पीएसी, आजमगढ़
  9. 39वीं वाहिनी पीएसी, मिर्जापुर

इन केंद्रों पर बाकी निर्धारित तिथियों की परीक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।

इन 6 केंद्रों पर परीक्षा 1 अक्टूबर से ही होगी

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निम्नलिखित छह परीक्षा केंद्रों पर शारीरिक दक्षता परीक्षा 1 अक्टूबर 2026 से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगी—

  • 04वीं वाहिनी पीएसी, प्रयागराज
  • 33वीं वाहिनी पीएसी, झांसी
  • 35वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ
  • डॉ. शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ
  • 25वीं वाहिनी पीएसी, रायबरेली
  • 45वीं वाहिनी पीएसी, अलीगढ़

संशोधित प्रवेश पत्र 30 सितंबर को होगा जारी

बोर्ड के अनुसार 1 अक्टूबर से 8 अक्टूबर को स्थानांतरित किए गए अभ्यर्थियों के संशोधित प्रवेश पत्र 30 सितंबर 2026 को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।

अभ्यर्थियों को बोर्ड की वेबसाइट पर दिए गए लिंक से अपना संशोधित प्रवेश पत्र डाउनलोड करना होगा और उसमें दर्ज परीक्षा केंद्र, तारीख और समय के अनुसार परीक्षा में उपस्थित होना होगा।

बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि संशोधित परीक्षा तिथि वाले अभ्यर्थियों के लिए पहले जारी किए गए प्रवेश पत्र मान्य नहीं होंगे।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे शारीरिक दक्षता परीक्षा से संबंधित किसी भी नई सूचना के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।

↗ शेयर करें
WHATSAPP