मिशन शक्ति 6.0: परिषदीय स्कूलों में 11 से 19 अक्टूबर तक मनेगा नारी सुरक्षा और स्वावलम्बन का उत्सव | पूरी कार्ययोजना देखें
मिशन शक्ति 6.0: उत्तर प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मिशन शक्ति’ विशेष अभियान के छठवें चरण की शुरुआत की जा रही है। समग्र शिक्षा, विद्या भवन, लखनऊ द्वारा जारी आधिकारिक कार्ययोजना के अनुसार, शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर यह विशेष अभियान 11 अक्टूबर 2026 से 19 अक्टूबर 2026 तक प्रदेश के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) में आयोजित किया जाएगा।
मिशन शक्ति 6.0: 9 दिवसीय विस्तृत कार्ययोजना
इस अभियान के दौरान सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) में अध्यनरत बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता एवं व्यावहारिक गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित किया गया है जो कि इस प्रकार से हैं:
- 11 अक्टूबर 2026: अभियान के पहले दिन विद्यालयों में पोस्टर और सूचनाओं के माध्यम से आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जाएगी। इनमें चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), महिला हेल्पलाइन (1090), आपातकालीन पुलिस सहायता (112) और घरेलू सहायता हेतु हेल्पलाइन (181) शामिल हैं। साथ ही शिक्षक बच्चों को उनके मौलिक अधिकारों के बारे में बताएंगे।
- 12 अक्टूबर 2026: बालिकाओं के अधिकारों पर आधारित नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता रैलियों का आयोजन होगा, जिसमें स्लोगन लिखी तख्तियों और नारों के माध्यम से समाज को जागरूक किया जाएगा।
- 13 अक्टूबर 2026: बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए उन्हें विद्यालय, ब्लॉक, तहसील, जिला एवं मंडल स्तर पर प्रमुख प्रशासनिक पदों (जैसे एक दिन का जिलाधिकारी) पर आसीन कर एक्सपोजर दिया जाएगा।
- 14 अक्टूबर 2026: विद्यालयों में ‘मदर मेला’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (MHM), सेनेटरी पैड के सुरक्षित प्रयोग व निस्तारण पर चर्चा होगी तथा जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों को आमंत्रित किया जाएगा।
- 15 अक्टूबर 2026: छात्राओं को वित्तीय साक्षरता से जोड़ने हेतु बैंक का भ्रमण कराया जाएगा, जहाँ उन्हें खाता संचालन और बैंकिंग प्रक्रियाओं से अवगत कराया जाएगा।
- 16 अक्टूबर 2026: ‘सेल्फ एस्टीम’ कार्यक्रम के तहत छात्राओं को सरकारी अस्पतालों का भ्रमण कराकर पर्चा बनवाने, डॉक्टर से परामर्श लेने तथा जांच प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
- 17 अक्टूबर 2026: महिला अधिकारियों व विशिष्ट महिलाओं द्वारा विद्यालयों का भ्रमण कर बालिकाओं से संवाद किया जाएगा। इस दिन आत्मरक्षा प्रशिक्षण सत्र, ‘सेल्फ डिफेंस क्लब’ का गठन, खेलकूद, गाइड एवं एनसीसी गतिविधियों का संचालन होगा।
- 18 अक्टूबर 2026: निकटतम थाना या कोतवाली का भ्रमण कराकर एफआईआर दर्ज कराने, गिरफ्तारी के नियमों, डिजिटल साक्षरता और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी जाएगी। प्राप्त जानकारी के आधार पर बच्चे एक ‘बाल अखबार’ भी तैयार करेंगे।
- 19 अक्टूबर 2026: अभियान के अंतिम दिन जेंडर स्टीरियोटाइप, कानूनी साक्षरता, पॉक्सो (POCSO) एक्ट, बाल विवाह रोकथाम और महिलाओं के लिए संचालित सरकारी योजनाओं पर आधारित नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा।
मिशन शक्ति 6.0 अभियान: एक नजर में
| दिनांक | गतिविधियां |
|---|---|
| 11 अक्टूबर 2026 | मिशन शक्ति अभियान का प्रचार-प्रसार एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी। |
| 12 अक्टूबर 2026 | बालिकाओं के अधिकार, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा पर जागरूकता। |
| 13 अक्टूबर 2026 | विद्यालय, ब्लॉक, तहसील, जिला एवं राज्य स्तर पर कार्यक्रमों का क्रियान्वयन। |
| 14 अक्टूबर 2026 | मेले का आयोजन, स्वच्छता प्रबंधन, मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं सैनिटरी पैड का सुरक्षित निपटान। |
| 15 अक्टूबर 2026 | बैंक भ्रमण एवं वित्तीय साक्षरता संबंधी जानकारी। |
| 16 अक्टूबर 2026 | अस्पताल भ्रमण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी। |
| 17 अक्टूबर 2026 | महिला अधिकारियों एवं प्रेरक महिलाओं से संवाद। |
| 18 अक्टूबर 2026 | बालिकाओं की सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबर, एफआईआर प्रक्रिया, साइबर अपराध एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता। |
| 19 अक्टूबर 2026 | लैंगिक समानता, पोषण एवं महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी। |
महत्वपूर्ण निर्देश: मिशन शक्ति 6.0 के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रत्येक विद्यालय के प्रधानाध्यापक या वार्डन प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे तक गतिविधियों का संपादन कर गूगल फॉर्म पर रिपोर्ट दर्ज करेंगे तथा फोटो एवं वीडियो विभागीय ईमेल (missionshaktishiksha@gmail.com) पर प्रेषित करेंगे।
आपातकालीन हेल्पलाइन नम्बर
| हेल्पलाइन नंबर | सेवा का नाम / विवरण |
|---|---|
| 1090 | वीमेन पावर लाइन |
| 1098 | चाइल्ड लाइन |
| 112 | पुलिस आपातकालीन सेवा |
| 181 | महिला हेल्पलाइन (घरेलू समस्या हेतु) |
इसे भी पढ़ें :
- पीएम पोषण योजना के तहत बच्चों को प्रत्येक शुक्रवार मिलेगा सूजी का मीठा हलवा और उपमा, देखें मात्रा और कन्वर्जन कॉस्ट
- अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) अक्टूबर 2026: जानें एजेंडा और कार्यवृत्त की पूरी जानकारी
- विद्यालय प्रबंध समिति (SMC) मासिक बैठक एजेंडा और कार्यवृत्त – अक्टूबर 2026
- Eco Clubs for Mission LiFE: अक्टूबर 2026 की मुख्य गतिविधियाँ एवं कार्य-योजना की PDF
- पुलिस की वर्दी पर नेम प्लेट: क्या है नियम? जानिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देश और नागरिकों के अधिकार
